तेज बुखार से बच्ची की मौत
परिजनों के मुुताबिक मस्तिष्क ज्वर से हुई है मौत
संवाद न्यूज एजेेंसी
दुदही। क्षेत्र के बांसगांव खास की चार वर्ष की एक बच्ची की तेज बुखार से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक डॉक्टर उसकी मौत मस्तिष्क ज्वर की वजह से बता रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस बारे में अनभिज्ञता जताई है।
दुदही सीएचसी के अंतर्गत आने वाले बांसगांव खास निवासी बर्मा शाह की चार वर्ष की बेटी शिल्पी सोमवार से बुखार से पीड़ित थी। वह गांव के ही एक मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर खिला रहे थे। बुधवार की शाम लगभग बजे अचानक शिल्पी की बुखार तेज हो गई। परिजन उसे दुदही के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां से डॉक्टर ने उसे दुदही सीएचसी ले जाने की सलाह दी। परिजन वहां ले गए तो डॉक्टर ने हालत चिंताजनक बताते हुए जिला अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची को मस्तिष्क ज्वर होने की बात बताई थी। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को शिल्पी की मौत हो गई। इसी परिवार में पांच साल की कली और दो साल के पारस नाम के दो बच्चे बुखार से पीड़ित हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शुक्रवार को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी।