पडरौना। खेल निदेशालय की तरफ से झांसी के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित छठवीं जूनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में जिले की तीन बालिका मुक्केबाजों ने अपना दम दिखाया है। तीन से छह जून तक आयोजित इस प्रदेश स्तरीय प्रतियागिता में जिले की खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड और तीन कांस्य पदक जीता है।
कोच राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम झांसी में तीन से छह जून तक आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में गोरखपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए निशु सिंह 46 किलोग्राम भार वर्ग गोल्ड मेडल जीता है। वैष्णवी बरनवाल 50 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड, ममता सिंह 54 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। अब यह तीनों खिलाड़ी 18 जून से नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी रोहतक हरियाणा में प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके अलावा लक्ष्मी यादव, आंचल गोड़ और अंश पांडेय ने एक-एक कांस्य पदक जीता है।
इस दौरान हाटा विधायक मोहन वर्मा, क्रीडाधिकारी रवि निषाद, डॉ. बीके सिंह, हाजी सद्दाब खान, विनोद जायसवाल, पंकज शर्मा, धीरेंद्र प्रताप सिंह आदि ने बधाई दी है।