कुशीनगर बुद्ध पीजी कॉलेज में पत्रकारिता विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते प्रो.चितरंजन मि
- फोटो : KUSHINAGAR
अब सरकार बनाने की रह गई पत्रकारिता : प्रो. चितरंजन
- पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी पुस्तक का विमोचन
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर के भंते सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. लल्लन मिश्र की पुस्तक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी का लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर चितरंजन मिश्र ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन के दौर के पत्रकारों ने जेल जाने को गौरव का विषय बनाया। उस समय की पत्रकारिता समाज बनाने की होती थी। अब सरकार बनाने की पत्रकारिता हो गई है। प्रोफेसर अरुणेश ने कहा कि लल्लन मिश्र को याद करना ऋषि परंपरा के आधुनिक रूप को याद करना है। विपत्ति में भी धैर्य नहीं खोने वाले, विद्यार्थियों के प्रति वत्सल, साहित्यकारों के प्रति पूजा भाव रखने वाले लल्लन मिश्र जैसा दूसरा व्यक्तित्व नहीं हैं। प्रोफेसर हूबनाथ पांडेय ने कहा कि यह किताब गणेश शंकर विद्यार्थी और डॉ. लल्लन मिश्र के जीवन मूल्यों को बचाए रखने की एक कोशिश है। उन्होंने कहा पत्रकारिता को मारना गणेश शंकर विद्यार्थी को मारना है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत और संचालन डॉ. सुधाकर तिवारी ने किया। इस दौरान डॉ. अवधेश राय, दयाशंकर तिवारी, पूर्व प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल, डॉ. रामभूषण मिश्र, डॉ. उर्मिला यादव, डॉ. इंद्रासन प्रसाद, डॉ. उमाशंकर त्रिपाठी, डॉ. सीमा त्रिपाठी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।