फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: गेटमैन को आया होश, नहीं याद आ रहा घटनाक्रम

विज्ञापन
विज्ञापन
बोदरवार। बोदरवार स्टेशन के 13सी क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन सुधीर मिश्रा पर जानलेवा हमला करने वालों की पहचान के लिए आरपीएफ, जीआरपी और कप्तानगंज पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। रविवार को टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। गोरखपुर के निजी अस्पताल में भर्ती गेटमैन को होश आ गया है लेकिन सिर में गहरी चोट होने के कारण उसे कुछ भी याद नहीं है। रविवार को वहां पहुंची पुलिस को डाक्टर ने उससे मिलने से मना कर दिया। घटनास्थल के आसपास सीसी टीवी कैमरा नहीं है। उसी रोड पर कुछ दूरी पर लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, गेटमैन की तबीयत में पहले से सुधार है। पुलिस की जांच में वारदात का समय और ट्रेनों के आवागमन का क्रम भी अहम माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:29 बजे कप्तानगंज से पिपराइच की ओर जाने वाली मालगाड़ी 13सी रेल ढाला से गुजरी थी। इसके बाद रात करीब 9:06 बजे ट्रेन संख्या गरीब रथ कप्तानगंज की ओर से आई लेकिन बोदरवार आउटर सिग्नल पर ग्रीन सिग्नल नहीं मिलने से रुक गई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान ढाला बंद नहीं हो सका और कुछ समय बाद गेटमैन सुधीर मिश्रा पर हमला हो गया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद भाग गए। जांच के दौरान पुलिस ने गेटमैन के किराए के कमरे के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। रेल ढाला के पूरब एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक एसयूवी चारपहिया वाहन मालगाड़ी के गुजरने से लेकर ढाला खुलने तक वहां खड़ा दिखाई दे रहा है।
विज्ञापन

पुलिस इस वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज को मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस घायल गेटमैन सुधीर मिश्रा की तबीयत में सुधार होने का इंतजार पुलिस कर रही है। कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि हमलावरों की पहचान में पुलिस जुटी है। मोबाइल लोकेशन, सीसी टीवी फुटेज को देखा जा रहा है।

गेट में तकनीकी खराबी को लेकर पहले भी होते रहे हैं विवाद
-स्थानीय लोगों ने बताया कि 13सी रेल ढाला बंद होने के बाद उसे उठाते समय अक्सर पूरब दिशा का गेट तकनीकी खराबी के कारण फंस जाता है और आसानी से ऊपर नहीं उठता। ऐसी स्थिति में गेटमैन को हाथ से गेट को हिलाकर उठाना पड़ता है। इस समस्या को लेकर राहगीरों और गेटमैन के बीच पहले भी कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस को इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें