संवाद न्यूज एजेंसी नेबुआ नौरंगिया। बुआ के घर पिपराइच से ईदी देकर लौट रहे दोस्तों की बुधवार की देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। ईद मनाने के लिए दोनों युवक दिल्ली से घर छुट्टी पर आए थे। पोस्टमाॅर्टम के बाद बृहस्पतिवार की शाम को गोरखपुर से शव घर पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। गांव वालों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। ईद के बाद दोनों की शादी होनी थी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के खेमनछपरा गांव निवासी निवासी कलीमुल्लाह अंसारी के छोटे बेटे सिजारत (23) बुधवार की शाम गांव के अपने दोस्त तसौवर (24) के साथ उसकी बुआ को ईदी देने के लिए पिपराइच थाना क्षेत्र के डोमन पट्टी के लिए निकले। ईदी देने के बाद दोस्त सभी लोगों से मिलकर बाइक से घर के लिए चले।
अभी वे पिपराइच-गोरखपुर मार्ग पर पहुंचे थे कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज के सामने सड़क किनारे खड़ी जेबीसी से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। गति तेज होने के कारण टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने युवकों की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी।
मौत की खबर सुनने के बाद परिजन बदहवास हो गए। परिजनों ने बताया कि तसौवर की शादी ईद के बाद होनी थी। दो भाईयों में तसौवर सबसे छोटा था। बड़े भाई के साथ दिल्ली में रहता था।
तीन दिन पूर्व वह ईद का त्योहार मनाने और शादी की तैयारी के लिए घर आया था। शाम को वह गांव के सिजारत के साथ बुआ के घर ईदी देने के लिए निकला था।
वहीं, सिजारत तीन भाईयों में छोटा था। बड़ा भाई विदेश रहता है, पिता घर पर कपड़ा सिलाई का काम करते हैं। 15 दिन पूर्व ईद मनाने और शादी की तैयारी के लिए घर आया था।