बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे नोडल अफसर
जलभराव के चलते ही नाव और ट्रैक्टर ट्राली का लिया सहारा, पीड़ितों से पूछी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद ने शनिवार को क्षेत्रीय विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, डीएम एस. राजलिंगम के साथ खड्डा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित शिवपुर, हरिहरपुर और नरायनपुर गांवों में पहुंचे। पीड़ितों का हाल जाना और अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए। जलभराव के कारण ये लोग कहीं ट्रैक्टर ट्राली तो कहीं नाव से पहुंचे और हालात से रूबरू हुए।
नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद (प्रबंध निदेशक, राज्य विद्युत उत्पादन निगम) पनियहवा पुल के रास्ते बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जंगल को पार करते हुए रोहुआ नाले के किनारे पहुंचे। यहां नाव से नाला पार करते हुए ट्रैक्टर ट्राली से शिवपुर गांव पहुंचे। यहां पर लोगों से उनकी समस्या सुनने के साथ ही इस इलाके की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली।
मरचहवा के ग्राम प्रधान इजहार अंसारी, शिवपुर के प्रधान आनंद कुशवाहा, नरायनपुर के प्रधान नरसिंह प्रसाद, हरिहरपुर के प्रधानपति हीरामन निषाद व अन्य ग्रामीणों ने नदी पर बांध बनाकर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने, इन क्षेत्रों को सीधे मुख्य मार्ग से जोड़ने, स्वास्थ्य सुविधा देने, शिक्षा का स्तर ऊंचा करने, बाढ़ से बर्बाद होने वाले फसल की क्षतिपूर्ति देने, सभी गांवों को आपस में जोड़ने के लिए सुदृढ़ संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। ध्वस्त हुई पुलिया व सड़कों की मरम्मत कराने, बिजली सप्लाई के साथ ही सोलर लाइट आदि जैसी सुविधाओं को उपलब्ध कराने की मांग की।
नोडल अधिकारी व विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए रूपरेखा पर चर्चा की। एसडीएम अरविंद कुमार ने नोडल अधिकारी को विस्तार से इस क्षेत्र के बारे में जानकारी दी और लोगों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को निर्देश दिया कि पूरे क्षेत्र में सर्वे कर बीमार लोगों का इलाज कराएं।
हरिहरपुर गांव में नोडल अधिकारी व डीएम ने 60 परिवारों को बाढ़ राहत किट प्रदान की। अन्य लोगों को भी शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सालिकपुर पुलिस चौकी के पास रूककर बाढ़ प्रभावित मरचहवा, बसंतपुर आदि गांव को जाने वाले विद्युत तारों को भी देखा और नदी से कटे पोल के चलते सप्लाई बाधित होने के बाबत विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसडीएम अरविंद कुमार, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया और एक्सईएन बाढ़खंड एमके सिंह, तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, नायब तहसीलदार रवि यादव, एसओ रामकृष्ण यादव आदि मौजूद थे।
होता रहा इंतजार, नहीं पहुंच सके अफसर
खडडा। बाढ़ के चलते स्थानीय दिक्कतों की वजह से नोडल अधिकारी चाहकर भी इंतजार कर रहे मरचहवा और बसंतपुर के पीड़ितों से मिलने नहीं जा सके। यहां लोग उनका इंतजार करते रह गए।
शनिवार को नोडल अधिकारी पी. गुरू प्रसाद, विधायक जटाशंकर त्रिपाठी अफसरों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र शिवपुर, हरिहरपुर, नरायनपुर, मरचहवा, बसंतपुर के लोगों का दुख दर्द जानने पहुंचे थे। बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित मरचहवा व बसंतपुर गांव के लोगों को उम्मीद थी कि अफसर इस क्षेत्र में भी आकर पीड़ा सुनेंगे और हालात को देखेंगे। पानी सड़क पर होने के चलते लोग दो किलोमीटर दूर शिवपुर नहीं जा सकते थे, ऐसे में पानी से भरे सोहगीबरवा, बसंतपुर सड़क के किनारे, तट पर इंतजार में घंटों बैठे रहे। जब पता चला कि अधिकारी आना चाहते थे, लेकिन बाढ़ का पानी और समय की कमी से नहीं आ सके तो निराशा हुई।