पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती को अज्ञात शख्स ने प्रेमजाल में फंसा लिया। घंटों हुई बातचीत के बाद दोनों में जब नजदीकियां बढ़ीं तो अज्ञात युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर बातें करने लगा। जब इसकी भनक परिजनों को लगी तो वे इसका विरोध करने लगे। युवती भी युवक से दूरी बनाने लगी। इसके बाद युवक व्हाॅट्सएप पर अलग-अलग नंबरों से अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने लगा। इसको लेकर युवती के भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
युवती के भाई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उसकी छोटी बहन के नंबर पर कुछ महीने से एक अज्ञात व्यक्ति फोन कर रहा था। इस बात की जानकारी परिजनों को भी नहीं थी। पांच दिन पहले जब युवती के नंबर पर अलग-अलग नंबरों से व्हाॅट्सएप पर अश्लील वीडियो आने लगा तो इसकी जानकारी परिजनों को हुई। इसके बाद युवती से पूरे मामले की जानकारी ली गई तो पता चला कि अज्ञात युवक ने उसे अपनी प्रेमजाल में फंसा लिया था और ऑडियो-वीडियो कॉल कर उससे वह बात करने लगा। दोनों के बीच नजदीकियां होने के बाद युवक ने शादी करने की बात कही। इस झांसे में युवती भी फंस गई।
आरोप है कि बातचीत के दौरान ही युवक ने उसकी बहन का अश्लील वीडियो बना लिया था और उसे वह ब्लैकमेल कर रहा था। युवती के नंबर पर आए अश्लील वीडियो के कारण वह परेशान थी। पूरी जानकारी लेने के बाद जब परिजनों ने युवक के नंबर पर फोन कर इसका विरोध किया तो युवक जान से मारने की धमकी देते हुए अलग-अलग नंबरों से अश्लील वीडियो व फोटो एडिट कर भेजने लगा। आरोप है कि युवक के कृत्यों से पूरा परिवार परेशान है और परिजन तनाव में हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। इस संबंध में इंस्पेक्टर रवि कुमार राय ने बताया कि युवती के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।