आग लगने से दो एकड़ गेहूं की फसल जली
- तीन किसानों की फसल जली, दो ने दूसरे की खेत लेकर की थी बुआई
संवाद न्यूज एजेंसी
रहसू बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव के पास एक खेत में शनिवार की दोपहर किसी वजह से आग लग गई। इससे तीन किसानों की करीब दो एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। इनमें से दो किसानों ने दूसरे के खेत लेकर बुआई की थी।
शनिवार की दोपहर करीब दो बजे गांव के पास एक खेत में किसी वजह से आग पकड़ लिया। हवा तेज होने के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। इसके चपेट में आने से द्वारिका जायसवाल, दुर्गेश, सीताराम प्रसाद की करीब दो एकड़ की गेंहू की फसल जलकर नष्ट हो गई। खेतों से उठती आग की लपटें देख गांव के लोगों ने तत्परता दिखाई और आग बुझाने में लग गए। काफी देर प्रयास करने के बाद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जिससे अन्य किसानों की फसलें आग की चपेट में आने से बच गईं। मौके पर मिले पीड़ित किसान सीताराम और दुर्गेश ने बताया कि दूसरे का खेत लेकर गेहूं की बुआई की थी। आग लगने से गेहूं की पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई है। अब भोजन का संकट हो गया है।
एक एकड़ गेहूं की फसल जली
टेकुआटार। रामकोला थाना क्षेत्र के गांव सिधावे के टोला भड़कुड़वा में शनिवार को गेंहू के फसल में किसी वजह से आग लग गई। तीन किसानों के करीब एक एकड़ गेहूं की फसल जल गई।
सिधावे के टोला भड़कुड़वा में शनिवार की दोपहर बाद गेहूं की फसल में आग लग गई। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ग्रामवासी संतोष पटेल, सिद्धेश्वर पटेल, महिपत पटेल की करीब एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित संतोष पटेल ने बताया कि हल्का लेखपाल मौके पर आए थे, उन्होंने यह नहीं बताया है कि कितना मुआवजा मिलेगा। सिद्धेश्वर ने बताया कि आग लगने से उनकी गेहूं की पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। यदि प्रशासन कोई मदद नहीं करेगा, तो परिवार के सामने भोजन का संकट होगा। महिपत ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर खराब है। खेत में आग लगने से उनकी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई है। लेखपाल राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गेहूं के फसल जलने के आंकलन किया हूं। रिपोर्ट तैयार कर तहसील को सौंपा जाएगा। प्रयास किया जा रहा हैं कि जल्द ही छतिपूर्ती दिला दी जाएगी।