आग लगने से 200 एकड़ गेहूं की फसल जली
- पछुवां हवा तेज होने से आग ने विकराल रुप धारण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव बरडीहा और कुसुम्हा के टोला बेलहिया में शुक्रवार को आग लगने से लगभग 200 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरडीहा के पास एक खेत में किसी वजह से आग लग गई। पछुवां हवा तेज होने की वजह से आग जल्दी ही विकराल रूप लेते हुए हाटा तहसील के महुआवा खुर्द तक किसानों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को अपने चपेट में ले लिया। इससे क्षेत्र के कुसुम्हा, लेहनी प्रथम, सुम्हाटार, महुअवा, बरडीहा, बेंदुआर, बरौली, मुजहना, सखौली, घोडादेउर, सेन्दुआर आदि गांव के किसानों की फसल बर्बाद हुई है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने गांव के लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
लोगों के मुताबिक क्षेत्र के करीब दो सौ एकड़ खेत में लगी फसल नष्ट हो गई है। आग लगने की जानकारी होने पर हाटा विधायक मोहन वर्मा, उदय भान कुशवाहा, संतोष श्रीवास्तव आदि मौके पर पहुंचे और डीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से वार्ता कर किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की बात कही। हाटा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने बताया कि जितने किसानों की फसल आग से जली है। टीम बनाकर उसका आकलन कराया जा रहा है। सभी किसानों को सरकारी क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी।
इस दौरान कप्तानगंज के तहसीलदार नरेंद्र राम, नायब तहसीलदार रवि यादव, हाटा के नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, कानूनगो राम सिंह, लेखपाल सुनीता सिंह, नेबुलाल सुरेंद्र कुमार, सुबोध गौतम, रामनिवास मल्ल, अहिरौली बाजार एसओ विवेकानंद यादव, एसआई श्यामदेव सिंह, कन्हैयालाल, हेडकांस्टेबल श्रीनिवासन सिंह, कांस्टेबल राजेश यादव, धर्मेंद्र कुमार, तुषार यादव आदि मौजूद रहे।