पडरौना। इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इसके चलते बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग रही है।
शनिवार को मेडिकल कॉलेज में आए करीब 800 मरीजों में से 200 से अधिक लोग बुखार और सर्दी जैसे बीमारियाें से पीड़ित रहे। वार्ड में भर्ती बुखार के पीड़ितों का कहना है सर्दी लगकर बुखार आ रहा है, लेकिन जांच में कुछ निकल नहीं रहा है।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों को देख रहे चिकित्सकों ने बताया बुखार के साथ खांसी व जुकाम के मरीज अधिक है। मौसम बदल रहा है ऐसे में लोग लापरवाही कर रहे हैं, जिससे वह बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। दवा लेने आई स्वाती ने बताया सर्दी के साथ बुखार की शिकायत है। खून की जांच कराई, लेकिन जांच में कुछ नहीं निकला। शहर के तिलक चौक निवासी सर्वेश सिंह ने बताया उन्हें चार दिन से बुखार आ रहा है। एक चिकित्सक को दिखाया। फायदा नहीं मिला। शनिवार को यहां दिखाने आया हूं। चिकित्सक ने भर्ती होने को कहा, लेकिन दवा ले ली है। डॉ. धनंजय मिश्र ने बताया बुखार के साथ सर्दी व खांसी से ग्रसित बच्चों से लेकर बड़े तक उपचार के लिए आ रहे हैं।