सुकरौली। ब्लॉक मुख्यालय स्थित पीसीएफ केंद्र पर यूरिया की नियमित उपलब्धता न होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों को बिना यूरिया लिए लौटना पड़ा। मजबूरी में कई किसानों ने कस्बे की निजी दुकानों से अधिक कीमत देकर यूरिया खरीदा।
किसानों का कहना है कि सरकारी केंद्रों पर समय से खाद उपलब्ध न होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सीजन में कभी गैस, कभी यूरिया और अन्य आवश्यक कृषि संसाधनों की कमी बनी रहती है। इससे सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों ने खाद की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की मांग की है।
किसान अनुज, संतोष यादव, उमेश कुमार, विनोद, लल्लन आदि का कहना है कि समय पर यूरिया नहीं मिलने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
पीसीएफ केंद्र के प्रभारी संजय भारती ने बताया कि वह वर्तमान में पट्टन में हैं। सुकरौली केंद्र पर सप्ताह में तीन दिन ही खाद का वितरण किया जाता है। बृहस्पतिवार को वितरण नहीं होना था। उन्होंने किसानों से निर्धारित दिवस पर केंद्र पहुंचने की अपील की। किसानों का कहना है कि खेती के मौसम में खाद की नियमित उपलब्धता और वितरण जरूरी है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।