तमकुहीराज तहसील में प्रदर्शन करते किसान। स्रोत - सोशल मीडिया
तमकुहीराज। जवही दयाल में एपी बांध पर चल रहे परियोजना कार्य को ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को अपने जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर रोक दिया था। इसके बाद बंधे पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और कार्य शुरू कराया था।
शनिवार को ग्रामीणों ने तहसील दिवस में पहुंचकर प्रभारी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मुआवजे के भुगतान की गुहार लगाई। इससे पहले परिसर में ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
एपी बांध पर जवही दयाल गांव के पास बांध बचाव कार्य को लेकर इस साल शासन ने 11.47 करोड़ की लागत की एक परियोजना की स्वीकृति दी है, जिसमें किमी 4.000 और किमी 4.320 पर स्पर व स्टड का निर्माण कराया जाना शामिल है।
यह कार्य दो माह से अधिक समय से चल रहा है, जिसमें यह निर्माण शिवनाथ यादव, सूर्यबली यादव, अशोक कुशवाहा, विजय कुशवाहा, मोतीचंद गुप्ता, शंकर कुशवाहा, लखीचंद्र गुप्ता सहित कई किसानों की कास्तकारी भूमि पर हो रही है। किसानों की मानें तो जब परियोजना का कार्य शुरू हुआ था, तभी से किसान अपनी भूमि के मुआवजे की मांग करते चले आ रहे हैं। शनिवार को सभी किसान तमकुहीराज में आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे और प्रभारी अधिकारी तहसील दिवस को एक प्रार्थना पत्र देकर मुआवजे की गुहार लगाई है।