कुशीनगर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कुशीनगर कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक में एमबीबीएस 2025-26 बैच के छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार को व्हाइट कोट समारोह और चरक शपथ करवाया गया। यह नेशनल मेडिकल कमीशन की ओर से प्रदत्त पाठ्यक्रम में शामिल है। छात्र-छात्राओं सहित उनके अभिभावकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राकेश शाही के द्वारा चरक शपथ एवं व्हाइट कोट पहना कर किया गया। छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए सभी तरह की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन संस्था की ओर से किया जा रहा है। व्हाइट कोट समारोह एक औपचारिक समारोह है जिसमें एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र अपनी चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत करते हैं।
इस समारोह में छात्रों को एक छोटा सफेद को पहनाया जाता है जो चिकित्सा के क्षेत्र में उनके प्रवेश और जिम्मेदारी को दर्शाता है। 200 नव प्रवेशी एमबीबीएस के छात्र शिक्षा ग्रहण करने के लिए अपने नए जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं। सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार, डीन एकेडेमिक्स डॉ. सुभाष गुप्ता, फैज, जेके दुबे और सभी विभागाध्यक्ष व शिक्षकगण उपस्थित रहे।