जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया शुरू, नागरिक ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार और मकान का ब्योरा
पडरौना। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार से जिले में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसके तहत नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना के आंकड़ों में शुद्धता आएगी और सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलेगी।
डीएम संजय चौहान ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिले की सभी तहसीलों के लिए विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वगणना का उद्देश्य लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है। नागरिक परिवार और मकान से संबंधित सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरें, ताकि आंकड़ों में त्रुटियों की संभावना कम हो।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के बाद जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे तो नागरिकों को पहले से दर्ज जानकारी दोबारा देने की जरूरत नहीं होगी। स्वगणना पूरी होने पर मिलने वाली डिजिटल आईडी के माध्यम से लोग अपनी दर्ज जानकारी देख सकेंगे और उसका सत्यापन भी कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं। इन्हीं के आधार पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाएं तैयार करने, संसाधनों का वितरण करने और विकास की प्राथमिकताएं तय करने का काम करती है। सही आंकड़ों से जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।
डीएम ने व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 सवालों के जवाब पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इन जानकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के दायरे से भी बाहर रखा गया है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के सही जानकारी दर्ज करें।
इस दौरान एडीएम पवन कुमार, सदर एसडीएम विवेक कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।