मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के मठिया प्रसिद्ध तिवारी गांव के हसना टोले में शुक्रवार की सुबह खेत की तरफ गई 80 वर्षीय सुगिया देवी पत्नी सरवन यादव की लाश मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस से पोते ने जमीनी विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सुगिया पत्नी सरवन यादव सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से पांच सौ मीटर दूर खेत की तरफ गई थीं। वहां उनकी मौत हो गई। खेत की तरफ गए कुछ लोगों ने महिला को देखकर शोर मचाया और घर सूचना दी। मौके पर परिजन पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने बताया कि कुछ लोगों से जमीन का विवाद है।
महिला की नाक से खून निकला था। घरवाले हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग किए। आरोप है कि जमीनी विवाद उनके पट्टीदार से चल रहा है, जिसके कारण उनकी हत्या कर दी गई।
परिजनों का कहना कि कि घटनास्थल पर एक बाइक के पहिए का निशान मिला है। लोगों का कहना है कि सड़क बीच से कटी हुई है, जिसके कारण वाहनों का आवागमन नहीं होता है। एसओ के सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाया। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। एसओ आलोक यादव ने कहा कि महिला की नाक से खून निकला था। घरवाले पटीदार पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह के बारे में पता चलेगा। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।