मंसाछापर। सड़क हादसे में घायल जटहा बाजार थाना क्षेत्र के खेसिया गांव के डम्मन टोला निवासी 60 वर्षीय निजामुद्दीन अंसारी की इलाज के दौरान बुधवार देर शाम मौत हो गई। बृहस्पतिवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जब उनका शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
निजामुद्दीन अंसारी न्यायालय में प्राइवेट मुंशी का कार्य करते थे। मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह न्यायालय से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर बुधवार की देर शाम चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।