पडरौना। शहर के बड़ी नहर के किनारे सिंचाई विभाग की ओर से गिराई गई मिट्टी ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी है। इधर से गुजरने वाले राहगीरों को धूल के गुबार से जहां परेशान होना पड़ रहा है। वहीं एक्यूआई भी बढ़कर 129 तक पहुंच गया है। सड़क के किनारे बसे लोगों के घरों तक धूल पहुंच रही है। इसको लेकर पूरे दिन लोग परेशान नजर आ रहे हैं। शहर में जाम के कारण नहर की पटरी वाली सड़क ही वर्तमान में शहर का बाईपास है। दस हजार से अधिक राहगीरों का आना-जाना इधर से ही होता है।
शहर में जाम की समस्या के कारण खड्डा, कप्तानगंज जाने या जिला मुख्यालय पर आने वाले लाले राहगीर नहर के पटरी के रास्ते से आते-जाते हैं। करीब दस दिन पूर्व नहर के दोनों किनारे कटान रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से मिट्टी भरी गई है। इधर से गुजरने वाले वाहनों के चलते धूल का गुबार उड़ रहा है जो राहगीरों के कपड़ों को गंदा करने के साथ ही उनके लिए सांस लेने में मुश्किल पैदा कर रहा है।
राहगीरों ने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से धूल गिराकर छोड़ दिया गया है। इस पर जिम्मेदार भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यातायात ड्यूटी में नहर पर लगे सिपाही और दरोगा भी धूल के गुबार उड़ने से परेशान नजर आए।