मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों से जानकारी लेती टीम। संवाद
पडरौना। हाईकोर्ट के निर्देश पर शनिवार को दो सदस्यीय टीम व्यवस्था की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंची। इसमें इमरजेंसी, ओपीडी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड के अलावा वार्डों में निरीक्षण कर व्यवस्था का हाल जाना। मेडिकल कॉलेज के मानक के हिसाब से कई कार्य अधूरे मिले। जांच टीम अपनी रिपोर्ट प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं शिक्षा को देगी। वहां से आख्या न्यायालय को भेजा जाएगा।
इसकी तैयारी में एक दिन पूर्व से ही मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदार जुटे रहे। अमेठी मेडिकल कालेज प्राचार्य डॉ. रीना शर्मा और अयोध्या के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत मेडिकल कालेज में सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। यहां पर भर्ती मरीजों से बात करने के बाद व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, चिल्ड्रेन वार्ड, दवा काउंटर, एमसीएच विंग में संचालित महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखा। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को जो सुविधाए मिलनी चाहिए, अभी नहीं मिल रही हैं।
पैथाेलॉजी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड के विस्तार के साथ-साथ ओटी के विस्तार की बात कही। इसके लिए अलग उपकरण की खरीदारी और बाकी व्यवस्थाओं में कमी मिली। इसकी रिपोर्ट तैयार कर यह टीम प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को भेजेगी। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर आरके शाही ने बताया कि टीम सभी जगहों पर संतुष्ट रही है। कुछ कमियां मिलीं, जिसको दूर कर लिया जाएगा। इन बिंदुओं पर अपनी निरीक्षण आख्या को प्रमुख सचिव को भेजेगी। प्रमुख सचिव की ओर से निरीक्षण आख्या न्यायालय प्रस्तुत किया जाएगा।