पिपरा कनक। रविवार की शाम तेज बारिश से पिपरा कनक फीडर से जुड़े 84 गांवों की बिजली चौदह घंटे से गुल रही। रविवार की रात लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आए दिन लड़खड़ा रही बिजली व्यवस्था से लोगों में नाराजगी है।
पटहेरवा क्षेत्र के पिपरा कनक फीडर से महरु टोला, पिपरा कनक, बोदा टोला, धुसवा, खुद्दी टोला, मठिया, करजहां, बरई पट्टी, नरहवा, बनविरा, बसडीला महंथ, करमहा, मीर बिहार आदि गांवों में सप्लाई दी जाती है। पिपरा कनक के खुर्शीद आलम,उमर उर्फ सद्दाम हुसैन, रियत हुसैन, क्यूम सिद्दीकी, शिव कमार, आनंद कुमार गौड़ का कहना है कि 16 अगस्त की शाम आई तेज बारिश के चलते आपूर्ति बाधित हो गई। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को जाग कर रात बितानी पड़ी। 17 अगस्त सुबह 9 बजे तक सप्लाई बहाल हुई।
समाज सेवी सुनील राय का कहना है इस उपकेंद्र से पिपरा कनक फीडर से लगभग 12 किमी दूर बाडू चौरा तक सप्लाई दी जाती है। बाडू चौराहा से दो किमी की दूरी पर सुमही उपकेंंद्र है लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते सुमही उपकेंंद्र में नहीं जोड़ा जा रहा है। दूरी अधिक होने से बारिश या तेज हवा के कारण बार-बार सप्लाई बाधित हो जाती है। कई बार इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। क्षेत्र के लोगों का कहना है जल्दी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। उपकेंद्र पटहेरवा के जेई पंकज कुमार गुप्ता का कहना है कि अभी वह नए हैं। इस तरह की मामला की जानकारी में नहीं है। पता कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
लो वोल्टेज से पंखे और कूलर की चाल हुई कमजोर
फाजिलनगर। गर्मी और उमस के बीच लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। घरों में लगे पंखे और कूलर की चाल कमजोर पड़ गई है। बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।
नगर पंचायत के पटखौली मोड़ पर लगातार चार दिनों से घरों के न तो पंखे चल रहे हैं और न ही कूलर। लो वोल्टेज का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। सरकारी सबमर्सिबल पंप भी पूरी क्षमता से नहीं चल रहे हैं। लोगों को दैनिक कार्यों और पीने के पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों से बाल्टियों में पानी लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड है और तार भी काफी जर्जर स्थिति में हैं। इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। बार-बार वोल्टेज के उतरने-चढ़ने से लोगों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (जैसे फ्रीज, टीवी) भी खराब हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि 24 घंटे के भीतर वोल्टेज की समस्या को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे बिजलीघर का घेराव करेंगे। जेई अजीत कुमार का कहना है कि ट्रांसफार्मर की खराबी को ठीक कराया जा रहा है। जल्द 63 की जगह 100 का केवीए का ट्रांसफार्मर लग जाएगा।