फाजिलनगर। क्षेत्र के गड़हियां मोड़ पर सड़क खराब होने के चलते गुजरात से टाइल्स लेकर बिहार के पटना जा रहा ट्रक बुधवार को फोरलेन पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में जाकर पलट गया। इसकी चपेट में आकर ड्राईवर का सहायक घायल हो गया जिसका इलाज जिला अस्पताल पर चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मार्ग पर एक सप्ताह पहले भी एक ट्रक पलट गया था।
गुजरात के मोरवी से चालक दौलतराम धाकड़ पुत्र छैगना धाकड़ निवासी थाना पंडेर राजस्थान का ट्रक से टाईल्स लेकर बंगाल के मालदा जा रहा था। इसी बीच तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गड़हियां गांव सामने से सड़क के काफी नीचे उपर होने के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया जिससे अनियंत्रित होकर ट्रक डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में जाकर पलट गया। इस दुर्घटना में खलासी शिवराज पुत्र बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के मदद से उसे सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चौकी प्रभारी मधुरिया चंदन प्रजापति ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फाजिलनगर सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।