मल्हूडीह/कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नबर आठ पंडित राजमंगल पांडेय नगर में बुधवार की रात सड़क पर नशे में धुत कार सवारों ने घर जा रहे एक नाबालिग छात्र के साथ मार पीटकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने कार सहित तीन युवकों को थाने लाकर केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर सपहा निवासी अभ्यांश (16) कसया से रात को लगभग साढ़े आठ बजे घर जा रहा था। तभी सपहा की तरफ से कसया आ रही गलत लेन से कार में सवार चार युवक नशे में धुत थे। सड़क पर गाड़ी रोक कर छात्र के साथ गाली गलौज करने लगे। छात्र उनका वीडियो बनाने लगा तो नशे में धुत चारों कार सवारों ने मोबाइल छिन लिए और छात्र को मारने पीटने लगे।
शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर जुट गए और बीच बचाव किया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में लेते हुए तीन युवकों को थाने ले आई। इस संबंध में कसया एसएचओ अमित शर्मा ने बताया कि घायल युवक के पिता के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई किया जा रहा है।