पडरौना। डीएम ने बुधवार की देर रात ठंड को देखते हुए जिला मुख्यालय पर बने रैन बसेरा और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध इंतजाम की जानकारी ली और लोगों को ठंड से बचाव के लिए हर संभव उपाय करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीएम विशाल भारद्वाज ने बुधवार की रात नगर स्थित रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद वे जलकल भवन परिसर स्थित रैन बसेरे पहुंचे और वहां आने वाले लोगों से बात कर उनका हाल जाना। डीएम ने कहा कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति बाहर न रहे। रैन बसेरा में बिस्तर और कंबल की उपलब्धता और अलाव आदि की व्यवस्था भरपूर होनी चाहिए। इसके बाद डीएम ने मेडिकल काॅलेज रविंद्रनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर्याप्त साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था और शौचालय आदि की जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ को अस्पताल में मरीजों के लिए बढ़ते ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम कराने का निर्देश दिए।
इस दौरान सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया, लेखपाल योगेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।