पडरौना शहर में जेवर की खरीदारी करते लोग। संवाद
पडरौना। दीपावली व छठ का त्योहार बीतने के बाद भी बाजार में रौनक बरकरार है। सहालग के पहले ही बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़ ने दुकानों पर चमक बिखेर दी है। सराफा कारोबारी हो या फिर कपड़ा, बर्तन हो या इलेक्ट्राॅनिक की दुकान हर जगह लोगों की भीड़ है।
बाजार में बिक्री बढ़ने से कारोबारियों के चेहरे भी चमक उठे हैं। टेंट व्यवसायियों के यहां जहां बुकिंग पूरी हो चुकी है वहीं फूल कारोबारी भी पहले से ही प्री-बुकिंग कराने वालों को सेवा देने के लिए तैयार हैं। बाजार के जानकारों की माने तो इस बार लग्न के बाजार में एक हजार करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। इस बार देवोत्थान एकादशी 12 नवंबर की पड़ रही है। इसी दिन से सहालग शुरू हो जाएगा।
नगर से लेकर गांव तक शहनाइयों की गूंज शुरू होगी। शहर के प्रमुख बाजारों धर्मशाला रोड, कोतवाली रोड, साहबगंज, मेन बाजार में मंगलवार को दोपहर बाद खरीदारों की भीड़ रही। कोई कपड़े की खरीदारी करते नजर आया तो कोई आभूषण की दुकानों पर अपने बजट के अनुसार गहने पसंद कर रह था।
शादी, विवाह को लेकर कपड़ा कारोबारियों ने दुल्हन के चढ़ावा को लेकर विभिन्न तरह की आकर्षक साड़ियां बाहर से मंगाई गई हैं। इसके अलावा लहंगा चुनरी और विभिन्न तरह के सुंदर लांचा भी मंगाए हैं। इसी तरह दुल्हन के श्रृंगार के लिए विभिन्न तरह की सौंदर्य प्रसाधन सामग्री मंगाई गई है।
महिलाएं बाजार में कपड़ा की दुकानों पर दुल्हन के चढ़ावा के लिए विभिन्न तरह की आकर्षक साड़ियां, लहंगा चुनरी और सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की खरीदारी करने में जुट गई हैं।