सीताराम चौराहा। राजापाकड़ स्थित जीतेश्वर शिवमंदिर, जानकीरमण सरकार मंदिर व पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल पर मंगलवार की रात भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति गीत और भजनों की धुन पर झूमते दिखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य ज्ञानप्रकाश पांडेय ने सुंदरकांड पाठ से किया। इसके बाद लोकगायक सत्या नादान ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। उनके गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। वहीं लोकगायिका काजल सिंह ने भी अपने मधुर भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
इस दौरान पंडित पंकज कृष्ण शास्त्री, महंत नारायण दास, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डाॅ. विजय राय, तुर्कपट्टी एसओ आलोक यादव, सपा नेता राजन शुक्ल, मोहम्मद इलियास अंसारी, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, एसओ अनिल सिंह, सचिन सिंह, विनोद यादव, डाॅ. आनंद यादव आदि मौजूद रहे।