रोजगार मेले से मायूस होकर लौटे युवा
लखनऊ से आई कंपनी के अधिकारी को नहीं थी चयन प्रक्रिया की जानकारी
पडरौना। रोजगार मेले में चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से जिले के कोने-कोन से आए युवा मायूस होकर घर लौट गए। युवाओं का कहना था कि जिला सेवायोजन विभाग के कार्यालय में आई कंपनी के अधिकारी को नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं थी।
शुक्रवार को जिला सेवायोजन कार्यालय में रोजगार मेला लगा। इसमें दो निजी कंपनियों ने भाग लिया। एक कंपनी लखनऊ तो दूसरी कुशीनगर की थी। इसमें जिले के 40 से अधिक युवा पहुंचे। युवाओं ने जब लखनऊ की कंपनी के अधिकारी से चयन प्रक्रिया के बारे में पूछा तो वह अपनी कंपनी के बारे में नहीं बता पाए। कंपनी का नाम भी नहीं लिख पा रहे थे। इसकी शिकायत युवाओं ने जिला सेवायोजन अधिकारी से की। इसके बाद सेवायोजन अधिकारी ने कंपनी के अधिकारी से चयन के बारे में पूछा तो वह सही जबाव नहीं दे पाया। जिला सेवायोजन अधिकारी ने उस कंपनी के डायरेक्टर को फोन कर यह बातें बताईं और विभाग के पोर्टल से उस कंपनी का नाम हटा दिया।
...
रोजगार मेले में आया था। चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से घर लौट रहा हूं। बाइक से आने में पेट्रोल भरवाने में रुपये भी खर्च करना पड़ा।
नीतीश, रामकोला
..
रोजगार मेले में चार वर्षों से भाग ले रहा हूं। कोई भी नामी कंपनी नहीं भाग ले रही है। इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
संजय राय, दुबौली
..
रोजगार मेले में पूरी तैयारी करके आया था। लखनऊ से आई कंपनी का अधिकारी कुछ बता ही नहीं पाया। इससे धूप में आना बेकार हो गया।
बृजेश कुमार गुप्ता, मठिया नरईपुर
...
सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए कि विभाग किस कंपनी को बुला रही है। सही कंपनी आती तो हमें मायूस नहीं लौटना पड़ता।
अभिषेक तिवारी, हाटा
...
कोट
जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया था। इसमें दो कंपनियों ने भाग लिया था। लखनऊ की कंपनी का एक व्यक्ति प्रतिनिधित्व करने आए थे। युवाओं ने जब चयन की प्रक्रिया पूछा तो नहीं बता पाए। उस कंपनी के डायरेक्टर को फोन करके सब बात से अवगत कराया। उन्होंने फोन काट दिया। उस कंपनी को सेवायोजन पोर्टल से हटा दिया गया है। दूसरी कंपनी एक बैंक की बीमा संस्था थी, लेकिन एजेंट बनने के लिए कोई युवा तैयार नहीं हुआ।
संजय कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी