कसया। बुद्ध इंटर कॉलेज के स्टेडियम में चल रहे अंडर 16 केसीए पुलवी क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में देवरिया एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केसीए एकेडमी को 184 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच का शुभारंभ दोनों टीमों के कप्तान शुभम कुशवाहा (केसीए) और शेखर साहनी (देवरिया) के बीच टॉस उछालकर किया गया। टॉस जीतकर देवरिया के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवरिया एकेडमी ने निर्धारित 35 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 273 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और 21.1 ओवर में मात्र 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह देवरिया एकेडमी ने 184 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
देवरिया की जीत में अल्तमश सिद्दीकी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 107 गेंदों पर 138 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 18 चौके शामिल रहे। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने चार मैचों में कुल 320 रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं वारिश को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। उन्होंने पांच मैचों में 10 विकेट झटके।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका कुशीनगर की ईओ अंकिता शुक्ला मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केसीए द्वारा आयोजित इस तरह के क्रिकेट टूर्नामेंट से क्षेत्र के नौनिहालों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल आज देश-विदेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और खिलाड़ी पढ़ाई के साथ-साथ खेल के माध्यम से भी प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
मैच में निर्णायक परवेज अंसारी और बिट्टू ने की, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी विकास सिंह ने निभाई। इस दौरान नगरपालिका कर्मी श्रवण तिवारी, केसीए कोच मो. अजहरुद्दीन, सभासद संघ अध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह, सभासद अजेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, गुड्डू कुशवाहा, पूर्व छात्रसंघ नेता अशोक सिंह और प्रिंस सहित अन्य लोग मौजूद रहे।