कच्ची शराब के धंधे के विरोध में प्रदर्शन
खड्डा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गंडक नदी उस पार बसे गांव की महिलाओं ने रविवार को कच्ची शराब की बिक्री के विरोध में शिवपुर गांव में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
रविवार को खड्डा थाना क्षेत्र के गंडक नदी के पार बसे शिवपुर गांव के मुसहर समुदाय के महेंद्र, संजू देवी, सुनीता, शकुंतला, सुंदरी, बिंदू, भागमनी, प्रभावती, मंजू देवी, कलावती, ओमप्रकाश, जीतन, विनोद सहित कई लोगों ने कच्ची शराब के धंधे के विरोध में प्रदर्शन किया है।
इन लोगों का कहना है कि गांव में तथा आसपास कई जगह कच्ची शराब बेची जा रही है। इस वजह से घरों के कुछ पुरुष व युवा नशे की लत के शिकार हो गए हैं। महिलाओं के साथ गाली-गलौज, मारपीट कर रहे हैं।
गांव में अक्सर झगड़ा होने से लोग चैन से नहीं रह पा रहे हैं। इन लोगों ने गांव में स्थित पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।