फाजिलनगर। स्थानीय पावानगर महावीर इंटर काॅलेज के राज मालती स्टेडियम में आयोजित 19वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में दिल्ली चैलेंजर्स दिल्ली ले क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ को 45 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली के मोनू शुक्ला को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रविवार को दस बजे से शुरू हुए इस प्रतियोगिता में लखनऊ के कप्तान करण सिंह ने टाॅस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 10 रन के स्कोर पर उसके तीन खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजों ने पारी को संभाला और टीम को 205 रन तक पहुंचा दिया।
इसमें दीपेश बालियान ने 36 गेंदों में पांच छक्के और छह चौकों की मदद से 63 रन बनाए। पंकज जायसवाल ने 31 गेंदों का सामना करते हुए चार छक्के व दो चौकों की मदद से 41 रन, शिवम शर्मा 22, कैफ अहमद और विजन पंचाल ने 26-16 रनों का योगदान किया। लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अतिफ साजिद ने चार विकेट, रोहित द्विवेदी ने तीन, हसन अख्तर दो तथा सत्यम पांडेय ने एक विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम की शुरुआत तो बेहतर रही, लेकिन दिल्ली के आक्रामक खेल से मध्यक्रम लड़खड़ा गया और बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट होते गए। लखनऊ की टीम ने 26वें ओवर के अंतिम गेंद में सभी विकेट गंवाकर 160 रन ही बना सकी। इसमें हिमांशु सिंह ने चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए। हसन अख्तर ने 20, प्रियांशु पांडेय 18, अविरल कन्नौजिया 17 और अभय दुबे ने 15 रनों का योगदान दिया।
दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोनू शुक्ला ने चार, अनुरीत सिंह, मोहम्मद आशिफ मसूरी ने दो-दो और गौरव तोमर ने एक विकट लिया। दिल्ली के खिलाड़ी मोनू शुक्ला को उनके किफायती गेंदबाजी और चार महत्वपूर्ण विकट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने ट्राफी और पांच हजार रुपये नगद प्रदान किया।
मैच का शुभारंभ रिटायर्ड आरटीओ आरपी द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच का अंपायरिंग यूपीसीए पैनल के अंपायर सतीश पांडेय व संतोष कुमार सिंह ने की। थर्ड अंपायर अशोक शर्मा रहे। स्कोरिंग यूपीसीए पैनल के स्कोरर भूषण मिश्रा ने किया। मैच के रेफरी पवन यादव रहे। मैच का कमेंट्री मुहम्मद आलम तथा गुड्डू पांडेय के साथ अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी कमेंटेटर सुमित मिश्रा गुलाम हुसैन रिजवी जीओ सिनेमा ने किया। मैच का लाइव प्रसारण सचिन यादव और उनके टीम ने किया।
इस दौरान आयोजन समिति के संरक्षक तथा उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष अजय त्रिपाठी, शहीद मेजर के पुत्र लेफ्टिनेंट कुशाग्र त्रिपाठी उर्फ आयुष त्रिपाठी, अभय त्रिपाठी आदि माैजूद रहे।