मथौली। हाटा कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर के समीप नहर के पास खेत में पेड़ से युवक का शव लटका देख लोगों में सनसनी फ़ैल गई। युवक की पहचान गांव के ही रामप्रवेश कन्नौजिया (38) पुत्र जयप्रकाश कन्नौजिया के रूप में हुई।
शुक्रवार की सुबह गांव लक्ष्मीपुर के कुछ किसान धान काटने के लिए गांव के उत्तर खेत में गए तो नहर के किनारे एक पेड़ से शव लटकता देख शोर मचाने लगे। युवक रस्सी से पेड़ से लटका था। उसके मुंह पर तौलिया बंधी थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुशील शुक्ल मय फोर्स पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
बताया जाता है कि रामप्रवेश की पत्नी सावित्री बच्चों के साथ कुछ दिनों से मायके थरुआडीह गई थी। घर पर रामप्रवेश अकेले रहता था। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि रामप्रवेश कुछ दिनों से अकेले ही रहता था। परिजन उसके बीमार व तनाव में रहने की बात कह रहे हैं। मामला आत्म हत्या का लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो जाएगा। सभी पहलुओं पर जांच कर कारवाई होगी।