कसया(कुशीनगर)। हाईवे पर मल्लूडीह में शुक्रवार देर रात हाईवे पर खड़े ट्रक में डीसीएम टकरा गई। डीसीएम के खलासी की मौके पर मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव निवासी चालक उमेश चंद्र कानपुर से आम लादकर बिहार जा रहा था। मल्लूडीह में डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में खलासी बिपिन (30) निवासी ग्राम सिंहपुर कछार थाना कल्याणपुर जिला कानपुर की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से भाग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीसीएम को थाने पहुंचाया और भागे ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि डीसीएम में सवार खलासी की मौत हो गई है। घायल चालक का इलाज चल रहा है। झपकी आने के चलते हादसा हुआ है।