संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र में बाढ़ और कटान से बांधों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बाढ़ खंड विभाग की ओर से आरसीसी परक्यूपाइन (त्रिकोणीय कंक्रीट ढांचा) निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। एपी बांध और नरवाजोत बांध पर तीन परियोजनाओं के तहत कार्य कराए जा रहं है, ताकि किसी भी आकस्मिक खतरे से बांधों को सुरक्षित रखा जा सके।
बाढ़ खंड विभाग के अनुसार, परक्यूपाइन सीमेंट, कंक्रीट और लोहे की सरिया से तैयार किया जाता है। इसे बांध के उन हिस्सों में लगाया जाता है, जहां कटान का सबसे अधिक खतरा रहता है। यह नदी की तेज धारा को कमजोर कर उसका रुख मोड़ने में मदद करता है, जिससे बांध कटान से सुरक्षित रहता है। इस वर्ष शासन ने एपी बांध और नरवाजोत बांध की सुरक्षा के लिए 32.71 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के लिए बाढ़ खंड के अभियंता लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पहली परियोजना के तहत नरवाजोत बांध पर किमी 0.000 से 1.300 तक करीब 1300 मीटर तथा किमी 1.950 से 2.100 तक 150 मीटर क्षेत्र में तीन पंक्तियों में परक्युपाइन लगाए जाएंगे। दूसरी परियोजना में नरवाजोत बांध पर किमी 0.525 से 1.000 तक 475 मीटर लंबाई में तीन पंक्तियों में परक्यूपाइन लगाए जाने हैं।
वहीं तीसरी परियोजना के अंतर्गत एपी बांध पर किमी 3.500 से 4.000 तक 500 मीटर लंबाई में तीन पंक्तियों में परक्यूपाइन लगाए जाएंगे। पिपराघाट के भंगी टोला में मशीनों के माध्यम से आरसीसी परक्यूपाइन का निर्माण कराया जा रहा है। ि