खड्डा चीनी मिल का पेराई सत्र बंद
खड्डा (कुशीनगर)। 110 दिन पेराई कर खड्डा चीनी मिली में रविवार देर रात सत्रावसान हो गया। मिल ने पिछले सत्र के मुकाबले इस वर्ष 41 हजार क्विंटल कम गन्ने की पेराई की है।
खड्डा चीनी मिल ने पेराई सत्र 2020-21 में 113 दिन चलकर 18 लाख 31 हजार क्विंटल गन्ना की पेराई की थी। इस वर्ष 25 अक्तूबर 2021 से पेराई शुरू कर 110 दिन तक चली। इस दौरान 17 लाख 89 हजार चार सौ 99 क्विंटल गन्ने की पेराई की है। यह 2020-21 की तुलना में लगभग 41 हजार क्विंटल कम है। प्रधान प्रबंधक कुलदीप सिंह एवं गन्ना प्रबंधक सविंदर कुमार ने बताया कि मिल ने 24 फरवरी तक पेरे गए गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। वर्तमान सत्र में कुल गन्ना मूल्य 62 करोड़ 54 लाख 76 हजार 491 रुपये के सापेक्ष मिल ने 49 करोड़ 41 लाख 40 हजार 844 रुपये का भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया है।