- स्टेशन मोड़ से आगे बाजार में नहीं जा सकेंगे चार पहिया और भारी वाहन
- कॉलेज, स्टेशन परिसर और केन यूनियन परिसर में करनी होगी वाहनों की पार्किंग
- बृहस्पतिवार से लेकर दीपावली बाद तक शहर में भारी वाहनों के लिए बदला रहेगा रूट
पडरौना। त्योहारों के कारण बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। प्रमुख बाजारों में पार्किंग के इंतजाम न होने से सड़कों पर ही वाहन खड़े कर रहे है। इसके कारण जाम की स्थिति बन रही है। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने कई इलाकों में यातायात मार्ग में बदलाव किया है। प्रमुख बाजारों में बृहस्पतिवार से दिवाली तक चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। उन्हें स्टेशन रोड या बाईपास रोड से होकर जाना पड़ेगा।
धनतेरस और दिवाली की खरीदारी के लिए बुधवार से ही भीड़ बढ़ने लगी है। दोपहर 12 बजे धर्मशाला रोड पर जाम लगा था। इस मार्ग किनारे संचालित दुकानों के बाहर सड़क पर बाइकों के खड़ी होने के कारण 15 मिनट तक लोग परेशान रहे। इसी तरह तिलक चौक के पास दोपहर एक बजे जाम लग गया। जाम नहीं छूटा तो बाइक सवार डाक घर की गली से कोतवाली रोड पर पहुंचे। वहां पर भी यही हाल रहा। वहां से सुभाष चौक तक की करीब दो सौ मीटर की दूरी तय करने में लोगों को 25 मिनट लग गए। बुधवार को जाम की स्थिति गुदरी बाजार, मेन बाजार रोड, दरबार रोड और जटहां रोड पर भी रही। लोगों ने बताया कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएगा, वैसे परेशानी और बढ़ेगी। जाम लगने की मुख्य वजह बेतरतीब वाहन पर्किंग रही। बाजार में पार्किंग के इंतजाम न होने के कारण परेशान बढ़ गई। धर्मशाला रोड के आस-पास दो शॉपिंग कांप्लेक्स और तीन बैंक हैं। इसमें केवल एक कांप्लेक्स के पास ही पार्किंग है। इसकी वजह से इन दुकानों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को सड़क किनारे ही बाइक खड़ी कर खरीदारी करनी पड़ी।
दुकानों और मॉल के सामने लोग वाहन खड़ा कर ग्राहकों को सामान बेचते हैं। वाहन पार्किंग की व्यवस्था मॉल वालों को करना चाहिए। त्योहार में नगर पालिका प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को वैकल्पिक इंतजाम करने चाहिए थे।
- मृगेंद्र राघव राव
त्योहार को लेकर यातायात व्यवस्था नहीं दिख रही है। हर जगह जाम का सामना करना पड़ रहा है। जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस की टीम भी नहीं दिख रही है।
- बृजेश चौबे
जिनके पास पार्किंग है उनकी क्षमता कम
सेंट्रल बैंक रोड और नौका टोला रोड स्थित एक माल और एक दुकान के पास पार्किंग हैं। इनके रखे गार्ड वाहनों की पार्किंग कराते हैं। लेकिन सुभाष चौक के पास शाॅपिंग मॉल के अलावा एलआईसी, पीएनबी और एसबीआई की शाखा संचालित है। इनमें से केवल एसबीआई और एलआईसी के पास ही पार्किंग की व्यवस्था है। लेकिन उनकी क्षमता कम है। इसकी वजह से वाहनों की पार्किंग सड़क किनारे होती है। अन्य शॉपिंग काम्पलेक्स के पास कोई पार्किंग नहीं है। इसकी वजह से दिक्कत ज्यादा बढ़ गई है।
यहां हो सकता है वैकल्पिक पार्किंग का इंतजाम
शहर के मुख्य बाजार के दो सौ मीटर की परिधि में उदित नारायण पीजी कॉलेज का खेल मैदान और जलकल से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क के किनारे रेलवे की खाली पड़ी जमीन है। सुभाष चौक स्थित केन यूनियन परिसर, सहकारी गांगीराम मंदिर और रामकोला रोड के किनारे हनुमान इंटर कॉलेज, गोस्वामी तुलसी इंटर कॉलेज है। यहां स्कूल की छुट्टी होने के बाद त्योहार पर वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था हो सकती है। लेकिन इस पर अभी तक पहल नहीं की गई।
यहां किया गया पार्किंग का इंतजाम
यातायात निरीक्षक सत्य सान्याल शर्मा ने बताया कि बाजारों में खरीदारी करने वाले कार सवारों के लिए केन यूनियन परिसर, रेलवे स्टेशन परिसर और अन्य खाली जमीन में पार्किंग का इंतजाम किया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रहे इसके लिए आठ सिपाही और 25 होमगार्ड लगाया गया है।
धनतेरस और दिवाली की भीड़ को देखते हुए चार पहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश शहर में रोक दिया जाएगा। व्यवस्था बृहस्पतिवार से ही शुरू कर दी जाएगी। कोतवाली रोड स्थित स्टेशन मोड़ से ही बैरियर लगाकर चार पहिया एवं भारी वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया जाएगा। भारी वाहन बाईपास रोड से होकर निकलेंगे। दिवाली बाद तक भारी वाहनों का शहर में रूट डायवर्जन रहेगा।
-सत्य सान्याल शर्मा, यातायात निरीक्षक