बारिश के दौरान दीवार गिरने से एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के भूमिहारी पट्टी बाजार में रविवार की शाम करीब पांच बजे तेज आंधी व बारिश के दौरान एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की दबकर मौत हो गई। जबकि दीवार की आड़ में खड़े एक बुजुर्ग व तीन बच्चों को भी हल्की चोटें आई है।
रामकोला थाने के गांव खोटही टोला बनकट निवासी अमीन (70) पट्टी बाजार में मीट बेचते थे। रविवार को भी वह एक दीवार के किनारे अपने काम में लगे हुए थे। शाम करीब पांच बजे आई आंधी व बारिश के दौरान बिना छत की यह दीवार भरभराकर गिर गई।
दीवार से सटकर बैठे अमीन मलबे में दब गए। बारिश से बचने के लिए इसी दीवार की आड़ में छिपे नेबुआ नौरंगिया थाने के गांव पिपराबर सीवान निवासी शहाबुद्दीन (60) के अलावा तीन छोटे बच्चे भी घायल हो गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर बाजार के लोग वहां पहुंचे और मलबा हटाकर अमीन को बाहर निकाला। गंभीर चोट लगने की वजह से अमीन की मौत हो चुकी थी। मामूली घायल शहाबुद्दीन तथा तीन अन्य बच्चों को स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
अमीन के मौत की खबर पाकर घरवाले पहुंचे और शव लेकर तुरंत वापस गांव लौट गए। एसओ नेबुआ नौरंगिया शैलेश सिंह ने बताया कि जब तक पुलिस पहुंची, मृतक के घरवाले शव लेकर जा चुके थे। शायद वे लोग इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते होंगे।