फाजिलनगर। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के अमवा तिवारी गांव के सामने हाइवे पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी ओर सड़क पर गिरने से बाइक सवार को भी चोट लगी। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों लोगों को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद लगभग एक बजे अमवा तिवारी गांव के शिवप्रसाद तिवारी हाइवे पार कर खेत देखने जा रहे थे।
इसी बीच फाजिलनगर से कसया की ओर जा रहे नेपाल के नवलपसारी जिला निवासी कुतुबुद्दीन की बाइक से टक्कर लग गई। इससे बाइक सवार कुतुबुद्दीन और शिवप्रसाद दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी होने पर मधुरिया पुलिस चौकी के प्रभारी संजय मिश्र मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
कुतुबुद्दीन फाजिलनगर में किराए के मकान में रहते हैं और एक दुकान पर वेल्डिंग का काम करते हैं। जबकि शिवप्रसाद बीएम पीजी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मुन्ना तिवारी के पिता हैं। दोनों लोगों को सीएचसी के डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।