कुबेरस्थान : थानाक्षेत्र के गांव बंधू छापर में चाचा-भतीजे पर बम से हुए हमले की जांच करने पहुंचे एसओ कुबेरस्थान।
- फोटो : अमर उजाला
कुबेरस्थान। सखवनिया गांव के बंधूछापर टोले के दो व्यक्तियों पर बुधवार की रात बम से हमला किए जाने के मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियाें के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बृहस्पतिवार की शाम एसओ ने घटनास्थल का जायजा लिया।
कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के सखवनिया गांव के बंधूछापर टोला निवासी रुद्रप्रताप नारायण सिंह अपने भतीजे अनिल कुमार सिंह के साथ सखवनिया चौराहे की तरफ टहलने गए थे। रुद्रप्रताप नारायण सिंह के बेटे ज्ञानप्रकाश सिंह ने बुधवार की देर रात थाने में दी गई तहरीर में बताया कि रात के तकरीबन साढ़े आठ बजे चौराहे से पैदल लौटते समय गांव से कुछ दूरी पर तीन लोग पहले से खड़े थे।
उनके पिता के हाथ में टॉर्च भी था। टॉर्च की रोशनी में उन्होंने तीन व्यक्तियों में से एक को पहचान लिया, जो उनके गांव का ही रहने वाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता और चचेरे भाई जैसे ही आगे बढ़े, उन लोगों ने बम फेंककर हमला किया। इससे उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके चचेरे भाई अनिल भी जख्मी हुए।
आवाज सुनकर काफी लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, तब तक तीनों व्यक्ति भाग चुके थे। रात में ही एएसपी लालसाहब यादव और सीओ सदर शशिशेखर सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। घायलों को कुबेरस्थान सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चाचा-भतीजे का इलाज चल रहा है।
बृहस्पतिवार की शाम तकरीबन सात बजे एसओ कुबेरस्थान ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। इस संबंध में एसओ प्रह्लाद पांडेय का कहना था कि गंभीर रूप से घायल रुद्रप्रताप नारायण सिंह के बेटे ने एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रात में ही तहरीर दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच और आरोपियों की तलाश जारी है।