ढाढ़ा। कुश्ाीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के देऊर चौराहा पर मंगलवार की रात एक ज्वेलरी के दुकान का शटर काटकर दुकान से गहने व नगदी सहित तिजोरी को चोर चुरा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम तक डॉग स्क्वायड के माध्यम से जांच पड़ताल चलती रही।
बिहार के सीतामढ़ी निवासी अरविंद वर्मा की बढ़या बुजुर्ग गांव के देऊर चौराहे पर आकाश ज्वेलर्स नाम से सर्राफा की दुकान है। उससे महज कुछ ही दूरी पर वह परिवार सहित रहते हैं। रोज की तरह मंगलवार की रात भी दुकान बंदकर घर चले गए। बुधवार की सुबह आस पास के लोगों ने शटर कटा देखकर शोर किया। घटनास्थल पर दुकान मालिक पहुंचा तो अंदर से तिजोरी सहित अन्य सामान गायब थे। लोगों ने सौ नंबर के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया। डॉग स्क्वायड के माध्यम से जांच पड़ताल शुरू की तो पचास मीटर दूरी पर तिजोरी, गैस कटर एवं अन्य सामान बरामद हुआ। डॉग स्क्वायड की टीम ने आस पास जांच शुरू की तो घटना स्थल से दो किलोमीटर दूरी पर बढ़या गांव के ही पिपरपाती टोले पर कई घरों में सूंघते हुए कुत्ता पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस मौके से पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को थाने ले गई। दुकानदार अरविंद वर्मा ने बताया कि सौ ग्राम सोना, तीन किलो चांदी सहित तीस हजार नगदी चोरी हुई है।