पटहेरवा। सोमवार की सुबह नरायनपुर गांव के सामने पुलिया के पास एक युवक का शव मिलने के बाद वहां भीड़ जुट गई। पुलिस शव की पहचान होने से इंकार कर रही है।
पटहेरवा थानाक्षेत्र के पटहेरिया-समऊर बाजार मार्ग पर नरायनपुर गांव के सामने 35 वर्षीय एक युवक का शव पुलिया के पास पड़ा हुआ था।
सुबह खेतों की ओर निकले कुछ लोगों ने शव देखकर शोर मचाया। कुछ ही देर में वहां भीड़ एकत्र हो गई। गांव के चौकीदार रामउग्रह ने पुलिस को लिखित सूचना दी।
उसके बाद पटहेरवा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि वह युवक पहले आसपास के ईंट-भट्ठे पर मजदूर के रूप में काम कर चुका है।
इस संबंध में एसओ जितेंद्र यादव का कहना था कि शव की पहचान नहीं हो सकी है।