युवक का शव सड़क के किनारे मिलने के बाद गड्ढे से बाइक को निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। थानाक्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव से बुधवार की रात बाइक से निकले दो युवकों में से एक का शव बृहस्पतिवार की सुबह सड़क के किनारे गड्ढे में मिला। दूसरा युवक भी वहीं बगल में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
मृत युवक के परिवारवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। खड्डा थानाक्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव निवासी रामजन्म तिवारी का 18 वर्षीय बेटा विशाल गांव के ही अजय सिंह के बेटे विवेक के साथ बुधवार की रात बाइक से कहीं जाने के लिए घर से निकले थे।
देर रात तक दोनों जब घर वापस नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग चिंतित होकर युवकों के मोबाइल पर फोन करने लगे। पूरी रात दोनों युवकों का मोबाइल बंद रहा, जिससे किसी से संपर्क नहीं हो सका।
बृहस्पतिवार की सुबह खड्डा और मठियां के बीच बगहवा इनार के पास सड़क के किनारे कुछ लोगों ने विवेक को देखा। विवेक ने इशारे में लोगों को गड्ढे की ओर देखने को कहा। जब लोग गड्ढे की ओर गए तो वहां विशाल का शव गड्ढे में पड़ा मिला और उसी पानी में बाइक भी थी। सूचना पाकर दोनों युवकों के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
गंभीर रूप से घायल विवेक को लोगों ने तुर्कहां सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद विवेक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, विशाल के परिवार के लोगों ने तहरीर देकर साजिशन हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में खड्डा के एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि मामला दुर्घटना का लग रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।