कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के क्रांति चौराहे पर बनी अस्थायी पुलिस चौकी पर बृहस्पतिवार की रात ड्यूटी कर रहे एक पुलिसकर्मी की बाइक ही चोरी हो गई। पुलिस की बाइक चौकी से ही चोरी होने की क्षेत्र में खूब चर्चा है।
क्रांति चौराहे पर स्थित पंचायत भवन पर कई बर्षों से अस्थायी पुलिस चौकी संचालित की जाती है। रोज की भांति बृहस्पतिवार की रात यहां चार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी थी। चर्चा है कि रात में सभी पुलिसकर्मी निश्चिंत होकर सो गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की बाइक चोरी हो गई। सुबह होते ही यह खबर इलाके में चर्चा का विषय बन गई। लोगों का कहना है कि पुलिस जब अपनी ही बाइक की हिफाजत नहीं कर पा रही है तो आम जन की सुरक्षा कैसे करेगी?
इस संबंध में एसओ दिलीप कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी है। जानकारी कराई जाएगी।