मंगलवार सुबह करीब पौने दस बजे तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव तरयासुजान के काली मंदिर के समीप बदमाशों ने पूर्वांचल बैंक बेदूपार के शाखा प्रबंधक को असलहा दिखाकर बाइक और बैग लूट लिया। दिनदहाड़े हुई वारदात से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक मैनेजर से मामले की जानकारी लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
कसया थाने के गांव तुर्कवलिया दरियाव सिंह निवासी मेंहदी हसन पुत्र वसीर अहमद तरयासुजान थाना क्षेत्र के पूर्वांचल बैंक बेदूपार में शाखा प्रबंधक हैं। मंगलवार सुबह करीब 9.45 बजे वे अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। शाखा प्रबंधक के अनुसार वे तरयासुजान थाने से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित तरयासुजान गांव के इस्माइल चौराहे के पास पहुंचे थे कि पीछे से तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन्होंने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद असलहा दिखाकर उनकी बाइक व बैग लूटकर फरार हो गए।
अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद एपी बंधे की ओर जाने वाली सड़क के रास्ते बिहार की ओर निकल गए होंगे। घटना के तत्काल बाद शाखा प्रबंधक ने आसपास के लोगों और परिचितों के अलावा तरयासुजान पुलिस को सूचना दी। बाद में शाखा प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर वारदात की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। बैंक मैनेजर के अनुसार बैग में बैंक के कई जरूरी पेपर रखे हुए थे। इस संबंध में एसओ निर्भय सिंह का कहना है कि बैंक मैनेजर ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।