दुदही। शनिवार को पडरौना-दुदही मार्ग पर विशुनपुरा थानाक्षेत्र के बड़हरा गांव के सामने हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दादा की मौत हो गई जबकि पोता गंभीर रूप से घायल है। दुदही सीएचसी में घायल पोते का इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बाइक चालक गाड़ी समेत भाग निकला। बरवापट्टी थाने के अमवा खास गांव गोबरहा टोला निवासी मोतीलाल गुप्ता (80) प्राथमिक विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक थे।
शनिवार की सुबह इलाज कराने के लिए पोते विवेक कुमार (18) के साथ बाइक से पडरौना गए थे। दिन के तीन बजे दादा-पोता बाइक से घर वापस आ रहे थे। बड़हरा गांव के सामने दुदही की ओर से जा रही बाइक से सीधी टक्कर हो गई।
गंभीर रूप से घायल मोतीलाल और विवेक को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए दुदही सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सक ने बुजुर्ग मोतीलाल को मृत घोषित कर दिया। विवेक का इलाज चल रहा है।
इस संबंध में प्रभारी एसओ संजय सिंह के अनुसार परिवार के लोगों ने बुजुर्ग का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पंचनामा बनवाकर शव उन्हें दे दिया गया।