जीत के बाद लोगों ने खुशियां मनाईं।
- फोटो : अमर उजाला
तमकुहीरोड। सेवरही केन यूनियन के डायरेक्टर के लिए मतदान सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। निवर्तमान चेयरमैन सुरेंद्र राय लगातार पांचवीं बार डायरेक्टर निर्वाचित हुए, जबकि इसी पद के दो प्रत्याशियों के मत बराबर होने के कारण उनका फैसला लाटरी के माध्यम से किया गया।
तीन डायरेक्टर पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर की। चुनाव प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू हुई।
शाम चार बजे के बाद मतगणना हुई और परिणाम घोषित कर दिया गया। सेवरही केन यूनियन में डायरेक्टर का चुनाव सोमवार को हुआ। इसमें नौ पदों के लिए 23 दावेदार थे, जिनकी किस्मत का फैसला 289 डेलीगेट्स ने किया।
कोइंदी बुजुर्ग से निवर्तमान चेयरमैन सुरेंद्र राय पांचवीं बार विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रवि राय को 12 मतों के अंतर से पराजित किया। गौरी श्रीराम से सत्येंद्र शुुक्ल विजयी रहे, दोघरा से संजय राय 24 मत प्राप्त कर विजयी रहे, पटहेरवा से कन्हैया ने एक तरफ ा मुकाबले में 26 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की, परसौनी बुजुर्ग से सुनील मिश्र 18 मत पाकर विजयी रहे, पिपरा एहतमाली से मदन किशोर 17 मत पाकर विजयी घोषित किए गए, बगहीं से मोतीलाल और बुधई को 11-11 मत मिले इस सीट पर जीत का निर्णय लाटरी से हुआ और मोतीलाल यादव विजयी घोषित किए गए।
बिहार बुजुर्ग से ज्ञांती देवी 17 मत पाकर विजेता बनीं तो मिश्रौली से धीरेंद्र राय 21 मत पाकर विजयी रहे। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी एसडीएम गणेश प्रसाद सिंह, तहसीलदार रामसुधार, गन्ना समिति के सचिव डॉ. पीएन पांडेय, एसओ सेवरही पद्माकर राय, एसओ तरयासुजान संजय राय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।