शुक्रवार को हाटा कोतवाली के लक्ष्मीपुर गांव के एक व्यक्ति ने अपने वृद्ध माता-पिता को मारपीट कर घायल कर दिया। गांव के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध दंपति को हाटा सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
गांव वालों के अनुसार माता-पिता की इकलौती संतान ने शुक्रवार की सुबह अपने वृद्ध पिता भृगुरासन और माता लालमती से बैंक में जमा रुपयों की मांग की। माता-पिता ने रुपये देने से इंकार किया तो आग बबूला बेटे ने इनकी पिटाई कर दी। वृद्ध दंपति के साथ हो रहे अत्याचार को देखकर गांव के किसी व्यक्ति ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल दंपति को अस्पताल पहुंचाया तथा आरोपी पुत्र को पकड़कर थाने ले गई। हाटा पुलिस के अनुसार इस मामले में कोई तहरीर नहीं पड़ी है। आरोपी पुत्र को थाने में बैठाया गया है। गांव के लोग वृद्ध दंपति को इलाज के लिए लेकर गए हैं।