पडरौना। शराब तस्करों से मिलीभगत में खड्डा एसओ नवीन सिंह और थाने के दो सिपाही निलंबित कर दिए गए हैं। एसपी ने एएसपी को मामले की जांच सौंपकर एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है। एसपी दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि मंगलवार को देर रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि नारायणी नदी के भैंसहां घाट पर नेपाली शराब की खेप आ रही है।
सूचना देने वालों ने अनुरोध किया कि खड्डा थाने की पुलिस को मौके पर न भेजें। जिससे स्वॉट टीम के दो जवान, पेशकार और पुलिस के दो सिपाही सादी वर्दी में भैंसहां घाट भेजे गए।
रात करीब ढाई बजे नदी में दो नाव आती दिखीं। एक नाव पर सवार लोगों ने किनारे की तरफ से टॉर्च से रोशनी दिखाकर संकेत दिया। इस पर सादी वर्दी में मौजूद पुलिस जवानों ने भी जवाब में टॉर्च जलाई।
थोड़ी देर बाद एक नाव किनारे आकर रुकी। उस पर सवार चार लोगों ने शराब की खेप मंगाने वाला समझकर बोरे में गत्ते में भरकर रखी गई नेपाली शराब उतारनी शुरू कर दी। नाव पर करीब एक बोरा ही शराब बची होगी कि तभी खड्डा थाने से हेड कांस्टेबल जनार्दन सिंह और कांस्टेबल राजेश सिंह मौके पर पहुंच गए।
स्वॉट टीम को सादी वर्दी में देख दोनों वहां से चुपचाप लौटने लगे। इससे शराब तस्करों को शक हो गया और वह नदी में कुछ दूरी पर रुकी दूसरी नाव के लोगों से यह कहते हुए भाग गए कि पुलिस के लोग हैं, भागो।
एसपी ने बताया कि एसओ खड्डा नवीन सिंह और मौके से चुपचाप चले गए हेड कांस्टेबल जनार्दन और कांस्टेबल राजेश को प्रथम दृष्टया शराब तस्करों से मिलीभगत के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। थाने में जल्द नए थानेदार की तैनाती की जाएगी।