पटहेरवा/लक्ष्मीगंज/हाटा। अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी तीन लोगों को मडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पटहेरवा थानाक्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजवटिया गांव के सामने सड़क पार कर रहे एक साइकिल और बाइक में टक्कर हो गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। मौके पर रहे लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से एक व्यक्ति की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बभनौली राजा गांव के निवासी लालजी उम्र 45 वर्ष साइकिल से कहीं जा रहे थे।
हाइवे पार करते समय रजवटिया गांव के सामने फाजिलनगर की तरफ से आ रही एक से टक्कर हो गई। इससे लालजी सहित बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया। वहां लालजी की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। जबकि बाइक सवार राजकुमार यादव और होसिल निवासी धुरिया खुर्द थाना सेवरही का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
इस संबंध में एसओ जितेंद्र यादव का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। घायलों को सीएचसी पहुंचाकर इलाज कराया जा रहा है। लक्ष्मीगंज प्रतिनिधि के अनुसार रामकोला थानाक्षेत्र के लक्ष्मीगंज रामबाग मार्ग पर धरवासी छपरा गांव के पास सड़क दुर्घटना में बुधवार को दोपहर में दो व्यक्ति घायल हो गए। उनमें से एक युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया हैं।
लक्ष्मीगंज रामबाग मार्ग पर बुधवार को दोपहर मे एक बाइक और एक चार पहिया वाहन में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार रामकेवल उम्र 37 वर्ष निवासी सियरहां खोटही और अभिषेक उम्र 20 वर्ष निवासी बोदरवार घायल हो गए। लोगों ने घायलों को कप्तानगंज सीएचसी पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने अभिषेक की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। अभिषेक अपनी रिश्तेदारी में रामकेवल के घर आए थे। इस संबंध में खोटही चौकी प्रभारी जगधारी प्रसाद का कहना है कि इस तरह की दुर्घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। अगर तहरीर मिलेगी तो मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
हाटा प्रतिनिधि के अनुसार खेत से घर की ओर जा रहे मदरहां गांव के 75 वर्षीय रामबली को मंगलवार की रात लगभग आठ बजे एक बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाटा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाइक पर सवार दोनों युवकों को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घर भेज दिया।