पडरौना। नगर सहित आसपास के गांवों में चोरी करने के आरोप में छह व्यक्ति पकड़े गए हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया है। उनमें एक आरोपी ईनामी बदमाश बताया जा रहा है।
पुलिस ने उन सभी को जेल भेज दिया। सीओ सदर शशिशेखर सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि कुछ ही महीनों में पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा बाजार, रेलवे क्रॉसिंग, वीर अब्दुल हमीद नगर, बबुइया हरपुर, जगदीशपुरम कॉलोनी, स्टेशन रोड, अंबे चौक और बेलवा जंगल के कई घरों में चोरी हुई थी।
इसे लेकर पुलिस चोरों की तलाश में थी। रविवार की रात तकरीबन 12 बजे कोतवाली पुलिस ने पडरौना के अंबे चौक के पास स्थित बागीचे में छह व्यक्तियों को पकड़ा। सीओ के मुताबिक उन व्यक्तियों ने चोरी की योजना बनाने और नगर सहित आसपास के गांवों में चोरी करने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए व्यक्तियों में नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के पटेरहा निवासी लालधर चौहान उर्फ शैलेश, पडरौना कोतवाली क्षेत्र केधीरपट्टी गांव के इद्दू अंसारी, अंबे चौक के परदेसी, गरुणनगर के हुसैन, इंदिरानगर वार्ड पडरौना के लखन सिंह और प्रदीप सिंह शामिल हैं।
इनके पास चाकू, ताला तोड़ने के औजार, चोरी के सिलिंडर, नकदी, बर्तन, कपड़े आदि मिले। सीओ का कहना था कि लालधर चौहान पर वर्ष 2012 में तरयासुजान थाने में केस दर्ज हुआ था और वह अपने साथी के साथ जेल भी गया था।
इस समय उस पर गैंगेस्टर का केस है। पांच हजार रुपये का इनामी है और फरार चल रहा था। पुलिस ने उन छह आरोपियों को जेल भेज दिया। इनकी गिरफ्तारी में पडरौना कोतवाली प्रभारी श्रीकांत राय, एसआई मिथिलेश मिश्र, अमित राय, सजनू यादव, महेश सिंह, कांस्टेबल विद्यासागर, जितेंद्र सिंह, मोहन गुप्ता और चालक मदन यादव शामिल थे।