कसया। सीओ की अगुवाई में कसया पुलिस ने शुक्रवार को कस्बे में एनएच के निकट स्थित एक चर्चित होटल में छापा मारा। दोपहर करीब दो बजे हुई इस छापेमारी में होटल से पांच युवतियों व महिलाओं के साथ चार युवक आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। पुलिस ने इन नौ लोगों के अलावा होटल प्रबंधक को भी हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों के खिलाफ देह व्यापार (निषेध) अधिनियम के तहत केस दर्ज हो गया है। छापेमारी के दौरान होटल में अफरा-तफरी मची रही।
कसया कस्बे में स्थित इस होटल में लंबे समय से सेक्स रैकेट चलाए जाने की शिकायत पर एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया था। दोपहर करीब दो बजे सीओ कसया ओमपाल सिंह की अगुवाई में एसओ गजेंद्र राय पुलिस फोर्स के साथ होटल पर छापेमारी करने पहुंचे। पुलिस को देखते ही होटल में खलबली मच गई। पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे और विभिन्न कमरों में अश्लील हरकत करते नौ लोग पकड़े गए। इसमें पांच महिलाएं व चार पुरुष थे।
अश्लील गतिविधियों के संचालन के आरोप में पुलिस ने होटल के प्रबंधक को भी हिरासत मे ले लिया। कस्बे के एक होटल में छापेमारी की सूचना पर कस्बे के अन्य होटलों में भी सनसनी फैल गई। कसया पुलिस पकड़े गए लोगों को होटल मैनेजर को लेकर थाने लौट गई। चर्चा है कि छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ आपत्ति जनक सामान भी मिले हैं।
इस संबंध में एसओ गजेंद्र राय का कहना था कि गिरफ्तार सभी लोगों के खिलाफ देह व्यापार निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।