पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के बंधूछपरा के पास बस की चपेट में आने से पांच वर्ष की एक बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को इलाज के लिए पडरौना लाया जा रहा था।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने हाइवे जाम कर दिया और बस चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। तकरीबन डेढ़ घंटे बाद कोतवाली पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराई।
बंधूछपरा गांव के निवासी राहुल की पांच वर्षीया बेटी कनक को लेकर उनके भाई बाइक से पडरौना इलाज कराने आ रहे थे।
गांव से कुछ दूर खड्डा-पडरौना रोड पर सामने से आ रहे एक निजी बस की चपेट में आ गए। बस की टक्कर से राहुल के भाई किनारे गिर पड़े, जबकि बच्ची का सिर बस के नीचे आ गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
थोड़ी ही देर में वहां लोग एकत्र हो गए। बच्ची के घर के अन्य लोग भी आ गए। इस दुर्घटना के लिए बस चालक को दोषी ठहराते हुए हाइवे जाम कर दिया।
लोग बस चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दोनों ओर जाम लग गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस के जवान पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
इस संबंध में कोतवाली के एसएसआई मनमोहन यादव का कहना था कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।