खड्डा। तहसील दिवस में शामिल होने खड्डा आ रहीं पडरौना महिला थाने की एसओ की जीप मठिया गांव के पास पलट गई। इस हादसे में एसओ समेत अन्य पुलिस कर्मी चोटिल हो गईं। सीएचसी से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया।
दिन के करीब 11 बजे मठिया गांव के पास सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिस जीप ट्रॉली से टकरा गई। अनियंत्रित जीप सड़क पर ही पलट गई। हादसा देखकर तमाम लोग पहुंचे और जीप में फंसी एसओ विभा पांडेय, चालक सोनू, कांस्टेबल महिमा पांडेय और रेनू यादव आदि पुलिस कर्मियों को बाहर निकाला। हादसे की जानकारी होते ही तहसील दिवस में मौजूद एसपी समेत अन्य लोग सकते में आ गए। एसओ खड्डा श्रीप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी पुलिस कर्मियों को सीएचसी तुर्कहा भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अन्य जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।